Monday, 26 March 2012

कोशिश


मेरे  इक़रार  की  कोशिश  तेरे  इन्कार  की  कोशिश | 
अभी तक तो रही दोनों  की  ही  बेकार  की  कोशिश ||

करूँ जब -जब भी मैं उनसे कोई इज़हार की कोशिश |
अदा  देखो  ये  ज़ालिम की करे तक़रार की कोशिश ||

सुना  है रंग लाती  है  हिना  पत्थर  पे   घिसने   से |
कभी तो काम आयेगी  दिले  बीमार  की   कोशिश ||

ज़माने  हो   गए    सुनते   हुए   ये  बात  लोगों  से |
ग़रीबी दूर  करने  की  रही  सरकार  की   कोशिश ||

मनाता   हूँ   उन्हें   जब   भी  बड़ा  मायूस  होता  हूँ |
वही नाकाम रहती  है  मेरी  हर  बार  की  कोशिश ||

हमारे घर में घुस आये  चलाये  अपनी   मन  मानी |
बराबर हो रही है आज  तक  अग़्यार  की  कोशिश ||

करे   कोई   हिमाकत   हम  नज़र  अंदाज़  करते  हैं |
हमेशा  से  रही  अपनी  सुखी - संसार  की   कोशिश ||

अगर हो मैच में फिक्सिंग  कोई  तो  बात  दीगर   है |
वगरना कौन करता है यूँ  अपनी  हार  की   कोशिश ||

सताने   का   नहीं   वो   छोड़ते   हैं   एक   भी  मौक़ा |
हमारी फिर भी रहती  है  सदा  इसरार  की  कोशिश ||

अचानक   आ   ही   जाती   है  कहीं  से  कोई  दुश्वारी |
नहीं  परवान  चढ़  पाती  विसाले  यार  की  कोशिश ||

किया   क़ब्ज़ा   हमारी   सल्तनत   पर  देखिये  कैसे |
फ़िरंगी की फ़क़त थी चाय  के  व्योपार  की  कोशिश || 

हमें   भी   रूठना   आता   है   हम   भी   रूठ    जायेंगे |
न करना फिर से मिलने के लिए इन्कार की कोशिश ||

बता तूने ही कब समझी है  क़ीमत  उसके  जज़्बे  की |
कभी तो की थी ‘सैनी' ने भी तुझसे प्यार की कोशिश ||

डा० सुरेन्द्र सैनी 
      

No comments:

Post a Comment